कुंभ-2027 की सुरक्षा को लेकर पुलिस का मेगा प्लान तैयार, आतंकवाद से साइबर हमलों तक पर रहेगी पैनी नजर
हरिद्वार। हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में मेला नियंत्रण भवन में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेसन और एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आतंकवाद, संगठित अपराध, साइबर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तृत मंथन किया गया। कुंभ के दौरान ICCC, सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और एंटी ड्रोन सिस्टम से मेला क्षेत्र की निगरानी की जाएगी, वहीं प्रमुख स्नान पर्वों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात डायवर्जन, पार्किंग और आपातकालीन निकासी के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस लाइन ऋषिकुल, प्रमुख स्नान घाटों, हरकी पैड़ी, अस्थायी पुलों, संकरे मार्गों, रेलवे स्टेशनों, हाईवे पार्किंग और होल्डिंग एरिया का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माणाधीन पुलिस थानों और चौकियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने, पुलिस बल की तैनाती, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की निगरानी के लिए मजबूत तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कुंभ-2027 की सभी सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम कुंभ का अनुभव मिल सके।
