देहरादून,
उत्तराखण्ड क्रान्ति दल (UKD) ने रविवार को देहरादून के बालावाला में नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर “UKD Vision 2027” जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में उत्तराखंड के समसामयिक मुद्दों, राज्य के भविष्य और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की गई।
इस दौरान केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती ने कहा कि उत्तराखण्ड क्रान्ति दल ने करीब डेढ़ वर्ष पहले ही चुनावी तैयारी शुरू कर दी थी और अब पार्टी को जनता का लगातार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि जिस दल ने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन का नेतृत्व किया, आज उसी के झंडे तले फिर से आमजन एकजुट हो रहा है। कुकरेती ने इसे राज्य के भविष्य के लिए शुभ संकेत बताते हुए कहा कि उत्तराखंड को बचाने के लिए जनता एक बार फिर UKD के साथ जुड़ रही है।वहीं कार्यक्रम के आयोजक संजय चौधरी ने बताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए डोईवाला क्षेत्र में जनसंवाद की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य गांव-गांव और आम लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनना तथा Vision 2027 के माध्यम से उन्हें पार्टी की सोच और योजनाओं से जोड़ना है।

