हरिद्वार,
हरिद्वार स्थित भारत माता मंदिर में आगामी 4 से 6 फरवरी तक राजनीतिक और आध्यात्मिक जगत की बड़ी हस्तियों का ऐतिहासिक जमावड़ा देखने को मिलेगा। भारत माता मंदिर के पूर्व परमाध्यक्ष और निवर्तमान शंकराचार्य ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि की समाधि स्थल और मूर्ति के अनावरण को लेकर तीन दिवसीय भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित कई केंद्रीय मंत्री, संत-महात्मा और देशभर की प्रमुख आध्यात्मिक विभूतियां शिरकत करेंगी।
जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने बताया कि यह तीन दिवसीय आयोजन दो सत्रों में संपन्न होगा, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ सनातन धर्म की वर्तमान स्थिति, राष्ट्र की समकालीन परिस्थितियों और आध्यात्मिक मूल्यों की भूमिका पर गंभीर परिचर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पूज्य स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि की समाधि स्थल और प्रतिमा का विधिवत अनावरण करते हुए उनके विचारों और सनातन चेतना को समाज और राष्ट्र के सामने पुनः स्थापित करना है।
Oplus_131072 