हरिद्वार,

हरिद्वार के ज्वालापुर मार्ग स्थित श्रीजी वाटिका में आयोजित वन नेशन वन इलेक्शन कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, योग गुरु स्वामी रामदेव, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी, महामंडलेश्वर करौली शंकर महादेव समेत बड़ी संख्या में साधु-संत और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर संत समाज की मौजूदगी में एक राष्ट्र, एक चुनाव के मुद्दे पर चर्चा हुई। संतों और वक्ताओं ने एक साथ चुनाव की व्यवस्था को लेकर अपने विचार रखते हुए इसे देश के विकास, प्रशासनिक व्यवस्था और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़कर देखा।

योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ लागू होने से शिक्षा और विकास के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आ सकता है। बार-बार चुनाव होने से साल के कई महीने चुनावी प्रक्रिया में निकल जाते हैं और शिक्षकों समेत सरकारी कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी के कारण विकास कार्य भी प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि एक साथ चुनाव होने से शिक्षक बच्चों को ज्यादा समय दे सकेंगे और सरकारें विकास पर अधिक ध्यान केंद्रित कर पाएंगी। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि एक देश, एक चुनाव भारत की पुरानी चुनावी व्यवस्था से जुड़ा विषय है और इससे समय व संसाधनों की बचत हो सकती है। वहीं महामंडलेश्वर करौली शंकर महादेव ने भी बार-बार चुनाव से होने वाली व्यवस्थागत व्यस्तता को कम करने और राष्ट्रहित में एक साथ चुनाव की व्यवस्था पर गंभीरता से विचार करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम, राष्ट्रहित और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर भी संत समाज ने अपने विचार रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed