विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में अल्पसंख्यकों के उत्थान के लिए कई प्रभावी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। शिक्षा, रोजगार, प्रशिक्षण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अब्दुल कलाम योजना और हुनर योजना जैसी पहलें अहम भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में अल्पसंख्यक शिक्षा से जुड़ा नया कानून लागू कर सभी को समान अवसर देने का प्रयास किया गया है। साथ ही अल्पसंख्यक विकास निधि के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य आगे बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता का कानून अल्पसंख्यक बहनों को कुप्रथाओं से मुक्ति दिलाने में सहायक सिद्ध होगा।

