लक्सर फ्लाईओवर पर दिनदहाड़े फायरिंग: कोर्ट पेशी पर जा रहे कुख्यात विनय त्यागी पर हमला
हरिद्वार के लक्सर फ्लाईओवर पर उस समय सनसनी फैल गई जब बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने रुड़की जेल से लक्सर कोर्ट में पेशी के लिए लाए जा रहे कुख्यात अपराधी विनय त्यागी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
अचानक हुई फायरिंग में विनय त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी सुरक्षा में तैनात दो पुलिस कांस्टेबल भी गोली लगने से जख्मी हो गए।
वारदात उस वक्त हुई जब अपराधी को स्पेशल वाहन से कोर्ट ले जाया जा रहा था।
हैरानी की बात यह रही कि इलाके में पुलिस की नाकेबंदी और सुरक्षा इंतजामों के बावजूद हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। हमलावरों की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं।