हरिद्वार,
हरिद्वार पुलिस ने देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले नकली नोट गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र में गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये के छपे हुए जाली नोट, लैपटॉप, प्रिंटर और नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। यह कार्रवाई दो दिन पहले बरामद हुए 52,500 रुपये के नकली नोटों के मामले की जांच के बाद की गई है।
एसपी क्राइम निशा यादव ने बताया लालढांग तिराहे के पास घेराबंदी कर क्विड कार से जा रहे आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सॉफ्टवेयर और प्रिंटर की मदद से असली नोट की कॉपी तैयार कर नकली नोट छापते थे और उन्हें बाजार में चलाने की योजना बना रहे थे। पुलिस के अनुसार गिरोह का पर्दाफाश कर इसकी जड़ तक पहुंचने का काम किया गया है, वहीं मामले में आगे की जांच जारी है।

