Oplus_131072

हरिद्वार,

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की अस्थियां आज धर्मनगरी हरिद्वार के वीआईपी गंगा घाट पर पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा में प्रवाहित की गईं। अस्थि विसर्जन के लिए परिवार हरिद्वार पहुंचा, जहां भावुक माहौल के बीच अंतिम धार्मिक रस्में निभाई गईं। इस दौरान पत्नी अपर्णा यादव, बेटियां प्रथमा और पद्मजा, शिवपाल यादव के सांसद बेटे आदित्य यादव, अपर्णा यादव के पिता अरविंद बिष्ट और भाई अमन समेत परिवार के करीबी सदस्य मौजूद रहे। घाट पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही और प्रशासन लगातार निगरानी करता नजर आया। हालांकि अपर्णा यादव ने मीडिया के सामने आने से इनकार कर दिया।

अस्थि विसर्जन के दौरान बाबा रामदेव भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय प्रतीक यादव का असमय निधन बेहद दुखद है और यह पूरे परिवार के लिए बड़ी क्षति है। बाबा रामदेव ने कहा कि प्रतीक यादव गौसेवा और सनातन धर्म के कार्यों से जुड़े हुए थे, शारीरिक रूप से भी बेहद फिट रहते थे और गौशाला का संचालन करते थे, ऐसे में उनका अचानक चले जाना सभी को पीड़ा देने वाला है। वहीं तीर्थ पुरोहित शैलेश मोहन ने बताया कि सनातन परंपराओं के अनुसार आत्मा की शांति के लिए मंत्रोच्चार के साथ अस्थि विसर्जन कराया गया। इस दौरान बदायूं से सांसद आदित्य यादव ने कहा कि पूरा परिवार आज हरिद्वार पहुंचा और ईश्वर से यही प्रार्थना की गई कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले। उन्होंने कहा कि प्रतीक यादव का निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *