Oplus_131072

हरिद्वार,

हरिद्वार पुलिस परिवार के लिए आज बेहद भावुक पल रहा… पुलिस विभाग की भरोसेमंद साथी रही मादा अश्व “शालू” का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। बैरागी कैंप स्थित घोड़ा पुलिस लाइन में पूरे सम्मान के साथ शालू का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें एसएसपी नवनीत सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
करीब 15 वर्ष 6 माह की आयु में शालू ने आज तड़के अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से पैर की गंभीर बीमारी ‘क्वीटर’ से पीड़ित थी। बीमारी से लगातार संघर्ष के बाद आखिरकार शालू ने दुनिया को अलविदा कह दिया।
वर्ष 2016 से हरिद्वार पुलिस में तैनात शालू ने करीब दस वर्षों तक कई महत्वपूर्ण ड्यूटियों में अपनी सेवाएं दीं। शांत स्वभाव और अनुशासित व्यवहार के कारण वह पुलिसकर्मियों की बेहद प्रिय थी।
कुंभ मेला 2021, कांवड़ मेला, स्नान पर्व, शांति व्यवस्था ड्यूटी और राज्य स्थापना दिवस की रैतिक परेड जैसे बड़े आयोजनों में शालू ने अहम भूमिका निभाई। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में उसका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।बैरागी कैंप स्थित घोड़ा पुलिस लाइन में जब शालू को अंतिम विदाई दी गई तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों की आंखें नम दिखाई दीं। एसएसपी नवनीत सिंह सहित पुलिस परिवार ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शालू की सेवाओं को याद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *