Oplus_131072

रुड़की,

 

उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता यानी UCC लागू होने के बाद हलाला से जुड़ा पहला मामला सामने आने के बाद अब सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। बुग्गावाला थाने में दर्ज इस केस के बाद बीजेपी नेताओं और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों का पीड़िता के घर पहुंचना लगातार जारी है। इसी कड़ी में उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने पीड़िता शाहीन से मुलाकात कर उसे सम्मानित किया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। बुग्गावाला थाना क्षेत्र में दर्ज हुए इस मामले में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर ट्रिपल तलाक और हलाला के नाम पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। UCC लागू होने के बाद राज्य में यह हलाला से जुड़ा पहला मामला माना जा रहा है। पीड़िता शाहीन के घर पहुंचे उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने बीजेपी नेता सुबोध राकेश और कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शाहीन के साहस की सराहना करते हुए उसे शॉल ओढ़ाकर और फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। शादाब शम्स ने कहा कि धामी सरकार के UCC कानून के तहत अब ट्रिपल तलाक और हलाला जैसी नापाक हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पीड़ित बहन ने साहस दिखाकर केस दर्ज कराया है। वक्फ बोर्ड इस मुकदमे का पूरा खर्च उठाएगा और बहन को न्याय दिलाने के लिए हर संभव मदद करेगा। शादाब शम्स ने कहा कि वर्षों से मुस्लिम महिलाओं को ट्रिपल तलाक और हलाला जैसी कुरीतियों का दर्द झेलना पड़ता था, लेकिन अब कानून महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान देने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है। पीड़िता शाहीन ने कहा कि मैं इस लड़ाई को आखिरी तक लड़ूंगी जिन्होंने ट्रिपल तलाक के बाद हलाला के नाम पर गलत काम कराने की कोशिश की, उनको सजा दिलाकर रहूंगी। हलाला मामले में दर्ज इस पहले मुकदमे ने पूरे प्रदेश में नई बहस छेड़ दी है। अब देखने वाली बात होगी कि जांच और कानूनी कार्रवाई इस मामले में किस दिशा में आगे बढ़ती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *