हरिद्वार,

हरिद्वार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित का सख्त रुख!
​कांवड़ मेले से पहले गड्ढा मुक्त होंगी सभी सड़कें।
​अतिक्रमण करने वालों पर तत्काल होगी कार्रवाई।

​उत्तराखंड में आगामी कांवड़ मेले की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसी सिलसिले में हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक की। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में निर्देश दिए हैं कि कांवड़ मेले से पहले लोक निर्माण विभाग (PWD) और राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के अधीन आने वाली सभी सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढा मुक्त किया जाए।
​इतना ही नहीं, सड़कों के किनारे अवैध अतिक्रमण करने वालों और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ अब हरिद्वार प्रशासन पूरी तरह से ‘एक्शन मोड’ में नजर आ रहा है।


​हरिद्वार के जिला कार्यालय सभागार में सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना न्यूनीकरण अनुश्रवण समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों से बिल्कुल भी नरमी न बरती जाए।


​जिलाधिकारी ने NHAI और लोनिवि के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि रुड़की, हरिद्वार और नजीबाबाद हाईवे समेत जिन भी सड़कों पर पैचवर्क का काम होना है, उसे कांवड़ मेले से पहले हर हाल में पूरा कर लिया जाए। साथ ही, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों यानी ‘ब्लैक स्पॉट्स’ का निरीक्षण कर उन्हें ठीक करने और पर्याप्त साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

​प्रशासन का हंटर सिर्फ गड्ढों और अतिक्रमण पर ही नहीं, बल्कि लापरवाही से गाड़ी चलाने वालों पर भी चलेगा। तेज रफ्तार, शराब पीकर गाड़ी चलाने, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट घूमने वालों के खिलाफ परिवहन और पुलिस विभाग को निरंतर चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *